UP News : वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में सांसद पप्पू यादव, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. संत समाज ने आरोप लगाया है कि संसद परिसर में पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र धारण कर किए गए प्रदर्शन से संत समाज और सनातन धर्म की भावनाएं आहत हुई हैं. इसी मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए संतों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था.
वाराणसी में संतों ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर जिस तरह से प्रदर्शन किया गया, उससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. उनका कहना है कि यह संत समाज और सनातन धर्म का अपमान है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
अवधेश प्रसाद ने सरकार पर साधा निशाना
एफआईआर दर्ज होने के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि दान और चढ़ावे की चोरी देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला है, उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उजागर किया और सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है, उन्होंने यह भी कहा कि धर्म के विरुद्ध अपराध हुआ है और इसके दोषियों को माफी नहीं मिलेगी.
संतों ने कार्रवाई की मांग की
वहीं, संत समाज का कहना है कि लगातार संत समाज और सनातन धर्म के खिलाफ बयान दिए जा रहे हैं. पातालपुरी पीठ के पीठाधीश्वर बाबा बालक दास ने कहा कि पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र धारण कर जिस तरह से प्रदर्शन किया, उससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है, उन्होंने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा साधु-संत आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.
डीसीपी ने क्या कहा?
वाराणसी के डीसीपी काशी क्षेत्र गौरव वंशवाल ने बताया कि संतों की ओर से कोतवाली थाने में तहरीर दी गई थी. शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि संतों ने एक वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि भगवा वेशभूषा धारण कर संत समाज का अपमान किया गया है. इसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






