Delhi Weather Update : दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. तेज गर्मी और उमस के बीच लोगों को राहत देने वाली हल्की बारिश और बादलों का दौर जारी है. शुक्रवार को भी कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई. हालांकि, बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा.
शुक्रवार को दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा. वहीं पालम में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था.
शनिवार को भी हल्की बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे. दिनभर हल्की बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, आर्द्रता 75 से 95 प्रतिशत के बीच रह सकती है. इस दिन किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है.
2 से 4 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 2 अगस्त को भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान 33 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. 3 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन भी बादलों के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
4 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस दिन भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना रहेगा. आने वाले दिनों में बादलों और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इससे तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है, हालांकि नमी के कारण उमस बनी रह सकती है.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









