Train Journey : अगर आप ट्रेन में लंबी दूरी का सफर करते हैं और अपने साथ ज्यादा सामान लेकर चलते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक्सेस लगेज बुकिंग की प्रक्रिया को आसान बना दिया है। अब कंफर्म टिकट वाले यात्री अपना अतिरिक्त सामान ऑनलाइन बुक करा सकेंगे।
रेलवे की पीएसयू आईआरसीटीसी ने 31 जुलाई से यह नई सुविधा शुरू की है। इससे पहले यात्रियों को अतिरिक्त सामान बुक कराने के लिए रेलवे स्टेशन के पार्सल ऑफिस जाना पड़ता था, जहां फ्री बैगेज लिमिट से ज्यादा सामान की बुकिंग करानी होती थी। अब यह सुविधा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
वजन सीमा के अनुसार लागू होगी सुविधा
इस नई व्यवस्था के तहत टिकट बुक करते समय यात्री अपने निर्धारित फ्री बैगेज अलाउंस से अधिक सामान की जानकारी दे सकेंगे। हालांकि, यह सुविधा सिर्फ कंफर्म रिजर्व टिकट रखने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।
ऑनलाइन लगेज बुकिंग के दौरान यात्री को यह बताना होगा कि सामान व्यक्तिगत इस्तेमाल का है और वह इसे अपने रिजर्व कोच में ही ले जाएगा, लगेज वैन में नहीं भेजा जाएगा। यह सुविधा रेलवे द्वारा तय वजन सीमा के अनुसार ही लागू होगी। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को 31 जुलाई से इस सुविधा को लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।
ट्रेन में कितना सामान मुफ्त ले जा सकते हैं?
AC फर्स्ट क्लास-
यात्री 70 किलो तक सामान बिना शुल्क ले जा सकते हैं। अतिरिक्त शुल्क देकर अधिकतम 150 किलो तक सामान ले जाने की अनुमति है।
फर्स्ट क्लास और AC 2-टियर-
50 किलो तक सामान मुफ्त ले जा सकते हैं। शुल्क देकर अधिकतम 100 किलो तक सामान ले जाने की सुविधा है।
स्लीपर क्लास-
40 किलो तक सामान निशुल्क ले जा सकते हैं। शुल्क के साथ अधिकतम 80 किलो तक सामान ले जा सकते हैं।
सेकंड क्लास-
35 किलो तक सामान मुफ्त है। अतिरिक्त शुल्क देकर अधिकतम 70 किलो तक सामान ले जाने की अनुमति है।
AC 3-टियर, AC 3 इकोनॉमी और AC चेयर कार-
40 किलो तक सामान ले जाने की सीमा तय है। इससे अधिक सामान ले जाने की अनुमति नहीं है।
ऑनलाइन लगेज बुक करने का तरीका
भारतीय रेलवे के पार्सल पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें
लॉग इन करने के बाद यात्रा की शुरुआत और गंतव्य स्टेशन की जानकारी भरें
उपलब्ध विकल्पों में से ट्रेन का चयन करें
सामान की जानकारी भरकर फॉरवर्डिंग नोट तैयार करें
अनुमानित भाड़े की राशि जांचें और ऑनलाइन फॉरवर्डिंग नोट जमा करें
ई-फॉरवर्डिंग नोट का प्रिंट निकालकर स्टेशन के पार्सल ऑफिस में सामान जमा करें
रेलवे कर्मचारी सामान का वजन कर अंतिम शुल्क तय करेंगे
शुल्क जमा करने के बाद रेलवे रसीद (RR) प्राप्त करें
लगेज को ऑनलाइन कैसे ट्रैक करें?
यात्री रेलवे की ट्रैक एंड ट्रेस सुविधा के जरिए अपने सामान की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं। सामान गंतव्य स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को SMS के जरिए जानकारी भी दी जाएगी। सामान प्राप्त करने के लिए यात्री को गंतव्य स्टेशन पर रेलवे रसीद (RR) दिखानी होगी।
ट्रेन में बैग के आकार की सीमा
AC 3-टियर, AC 3 इकोनॉमी और AC चेयर कार में यात्री अधिकतम 55 सेमी x 45 सेमी x 22.5 सेमी आकार का बैग ले जा सकते हैं।
वहीं AC फर्स्ट क्लास, AC 2-टियर, स्लीपर और जनरल क्लास में अधिकतम 100 सेमी x 60 सेमी x 25 सेमी आकार का बैग ले जाने की अनुमति है।
अधिक सामान ले जाने पर कितना लगेगा शुल्क?
यदि यात्री तय सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करता है, तो उसे सामान्य लगेज दर से 1.5 गुना शुल्क देना होगा। अतिरिक्त सामान के लिए न्यूनतम शुल्क 30 रुपये निर्धारित है। शुल्क की गणना 10 किलो के स्लैब के आधार पर की जाएगी और इसके लिए न्यूनतम दूरी 50 किलोमीटर मानी जाएगी।
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









