Rajasthan

राजस्थान में सनसनीखेज मामला, नायब तहसीलदार का शव पानी के टैंक में मिला, जांच शुरू

Rajasthan News : राजस्थान के बालोतरा जिले में दूदवा उप तहसील के नायब तहसीलदार मंगलाराम का शव उनके सरकारी आवास के पास बने पानी के टैंक से बरामद हुआ है। घटना पचपदरा थाना क्षेत्र के दूदवा गांव की है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे सामने वाले सरकारी क्वार्टर में रहने वाली एक महिला ANM पानी भरने के लिए टैंक के पास पहुंची थी। जब उसने टैंक का ढक्कन खोला तो अंदर एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। इसके बाद उसने तुरंत सरपंच और पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलने के बाद पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दूदवा उप तहसील में तैनात नायब तहसीलदार मंगलाराम (54) पुत्र रामाराम के रूप में हुई है। वह गुड़ामालानी क्षेत्र के रहने वाले थे।

एफएसएल और MOB टीम पहुंची

पचपदरा थानाधिकारी बाबूलाल ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। मौके पर एफएसएल और MOB टीम को भी बुलाया गया है, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंगलाराम पानी के टैंक तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल पर टैंक के बाहर नीचे की ओर उनकी चप्पल मिली है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- ईरान में बड़ा सत्ता बदलाव? राष्ट्रपति पजशकियान की ताकत घटी, सेना के हाथ में कमान, खामेनेई का बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button