Rajasthan

अलवर में तेज बारिश का असर, कोर्ट परिसर से सड़कों तक पानी-पानी हुआ शहर, गाड़ियां खराब

Rajasthan Weather : अलवर में लंबे इंतजार के बाद मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि, भारी बारिश के कारण शहर की कई सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई।

बारिश के बाद अलवर कोर्ट परिसर समेत शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। महल चौक की सीढ़ियों से पानी तेज धार के साथ बहता नजर आया। कोर्ट की कैंटीन में भी पानी घुस गया, जहां लोग डिब्बों की मदद से पानी बाहर निकालते दिखाई दिए।

सड़क पर करीब 3 से 4 फीट पानी जमा

शहर के बस स्टैंड से लेकर अशोक टॉकीज तक सड़क पर करीब 3 से 4 फीट तक पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण कई स्कूटी और दोपहिया वाहन खराब हो गए। कई लोग पानी के बीच पैदल निकलते नजर आए, वहीं कुछ दुकानों में भी पानी भर गया।

अचानक आसमान में छाए बादल

बारिश से पहले मंगलवार सुबह मौसम साफ था और तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ था। हवा नहीं चलने की वजह से लोगों को दिनभर भारी उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छाए और मौसम बदल गया, जिसके बाद जिले के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई।

शहर की व्यवस्थाओं पर खड़े हुए सवाल

कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में कुछ खेतों में भी पानी भरने की जानकारी सामने आई है। बारिश के कारण लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन जलभराव ने शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल भी खड़े कर दिए।

हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना

मौसम विभाग ने पहले 15 जुलाई तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान जताया था, लेकिन बदले मौसम के हालात को देखते हुए अब अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 19 जुलाई तक अलवर जिले में हल्की बारिश या बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है। 15 जुलाई को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान 37 से 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- Haryana ACB : 45 हजार की रिश्वत लेते JE और बेलदार गिरफ्तार, ACB ने ऐसे बिछाया जाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button