Rajasthan News : मध्य प्रदेश के 25 वर्षीय युवक ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड की हत्या कर उसके शव को राजस्थान के दौसा में लाकर दफना दिया। पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी ने पूरे मामले का खुलासा किया। बताया जा रहा है कि आरोपी दौसा में काम करता था, इसी वजह से उसने शव को छिपाने के लिए उसी इलाके को चुना।
चार फीट गहरे गड्ढे में दफनाया शव
जानकारी के अनुसार, नाबालिग उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी की सगाई कहीं और तय हो चुकी थी। इसी तनाव के चलते वह उसे मार्च महीने में दौसा लेकर आया और एक सुनसान प्लॉट में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक कट्टे में भरकर करीब चार फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया।
लड़की के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज
मार्च महीने में ही परिजनों ने लड़की के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवार को युवक पर शक था, जिसके आधार पर पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। चूंकि नाबालिग के पास मोबाइल फोन नहीं था, इसलिए उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा था।
सबूतों के आधार पर हिरासत
बाद में पुलिस ने सबूतों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस उसे दौसा लेकर पहुंची और खाली प्लॉट की खुदाई कराई, जहां से सफेद कट्टे में बंद कंकाल बरामद हुआ।
डीएनए की जांच कराई जाएगी
पुलिस का कहना है कि शव काफी पुराना और कंकाल में बदल चुका है, इसलिए उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। मामले की आगे जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में 30 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स बैन, पानी आंदोलन पर छिड़ा बवाल, सरकार इन एक्शन मोड
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









