राष्ट्रीय

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में खतरनाक टर्बुलेंस, तेज झटकों से 12 यात्री घायल

Air India Flight : थाइलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में उड़ान के दौरान अचानक आए खतरनाक टर्बुलेंस से अफरा-तफरी मच गई. तेज झटकों की वजह से 12 यात्री घायल हो गए. किसी के कान में चोट आई तो किसी की गर्दन और कंधे में गंभीर झटका लगा. सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 फुकेट से दिल्ली आ रही थी. इसी दौरान ऊंचाई पर विमान तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया. अचानक विमान नीचे आने लगा और जोरदार झटके महसूस हुए. इससे विमान के अंदर यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी सीटों पर ही घायल हो गए.

यात्री का कान फटा, कई लोगों को आई चोट

एक यात्री के भाई ने बताया कि अचानक हुए दबाव की वजह से उनके भाई के कान में गंभीर चोट लगी और कान का पर्दा फट गया. वहीं, एक अन्य यात्री ने बताया कि तेज झटके के कारण उनके कंधे में चोट आई. कई यात्रियों को गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं.

यात्रियों के अनुसार, दिल्ली में लैंडिंग से कुछ देर पहले विमान अचानक नीचे आने लगा और लगातार हिचकोले खाने लगा. इससे विमान के अंदर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई.

एयर इंडिया ने क्या कहा?

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि टर्बुलेंस के कारण कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं. एहतियात के तौर पर सभी प्रभावित लोगों को एयरपोर्ट के मेडिकल सुविधा केंद्र भेजा गया, जहां एयर इंडिया की टीम और मेडिकल स्टाफ उनकी देखभाल कर रहे हैं.

एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है.

क्या होता है एयर टर्बुलेंस?

एयर टर्बुलेंस तब होता है, जब हवा का प्रवाह असमान और अनियमित हो जाता है. धरती के गर्म होने से ऊपर उठने वाली गर्म हवा, ठंडी हवा का नीचे आना, पहाड़ों से टकराकर बनने वाली वायु तरंगें और ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम जैसी तेज हवाओं के बीच गति का अंतर टर्बुलेंस की प्रमुख वजहें होती हैं.

ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button