वायरल

सैलरी वहीं, किराया आसमान पर, गुरुग्राम के रेंट ने उड़ाए लोगों के होश, शख्स की पोस्ट वायरल

Gurugram Flat Rent : गुरुग्राम में बढ़ते किराए को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। एक व्यक्ति ने रेडिट पर अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि शहर में 3BHK फ्लैट का किराया अब ₹50 हजार से शुरू हो रहा है और कई इलाकों में यह ₹60 हजार प्रति माह तक पहुंच चुका है। पोस्ट में उन्होंने सवाल उठाया कि जब सैलरी में इतनी तेजी से बढ़ोतरी नहीं हुई है, तो मध्यम वर्ग के परिवार इतने महंगे किराए का बोझ कैसे उठाएं।

प्रमुख इलाकों में 60 हजार रुपये तक किराया

रेडिट पर @skykash0 नाम के यूजर ने बताया कि वह अपने तीन सदस्यों वाले परिवार के लिए 3BHK फ्लैट तलाश रहे थे। उन्होंने लिखा कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड जैसे इलाकों में करीब 1700 वर्ग फीट के फ्लैट का किराया भी 50 हजार रुपये से अधिक बताया जा रहा है। वहीं, गुरुग्राम के कई अन्य प्रमुख इलाकों में 60 हजार रुपये तक किराया सामान्य होता जा रहा है।

घर चाहिए तो बजट बढ़ाना पड़ेगा

यूजर ने बताया कि जब उन्होंने बजट के अनुसार घर तलाशने की कोशिश की तो कई ब्रोकरों ने उन्हें बजट बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर बार यही जवाब मिलता है कि घर चाहिए तो बजट बढ़ाना पड़ेगा। उनका कहना था कि किराए में हर महीने 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी भी सालभर में 60 हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च बढ़ा देती है।

किराए के रूप में सालाना 6 लाख रुपये खर्च

पोस्ट में उन्होंने महंगे किराए के सालाना खर्च का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, अगर किसी फ्लैट का किराया 50 हजार रुपये प्रति माह है तो सिर्फ किराए के रूप में सालाना 6 लाख रुपये खर्च हो जाते हैं। इसके अलावा मेंटेनेंस चार्ज, बिजली बिल और अन्य घरेलू खर्च जोड़ने पर यह रकम 7 लाख रुपये से भी ज्यादा पहुंच सकती है।

ब्रोकर लगातार बजट बढ़ाने का दबाव

रेडिट यूजर ने सवाल किया कि क्या मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए इतनी बड़ी रकम सिर्फ घर के किराए पर खर्च करना संभव है। उन्होंने कहा कि वेतन वृद्धि और बढ़ते किराए के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या लोग वास्तव में इतनी कीमत चुका रहे हैं या फिर मकान मालिक और ब्रोकर लगातार बजट बढ़ाने का दबाव बना रहे हैं।

मध्यम वर्ग के मासिक बजट पर असर

इस पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ यूजर्स ने कहा कि गुरुग्राम में किराए की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं और आम लोगों के लिए घर लेना मुश्किल होता जा रहा है। वहीं, कुछ लोगों ने माना कि बढ़ते किराए ने मध्यम वर्ग के मासिक बजट पर बड़ा असर डाला है।

गौरतलब है कि गुरुग्राम में तेजी से हो रहे शहरी विकास, कॉरपोरेट हब के विस्तार और बढ़ती मांग के चलते पिछले कुछ वर्षों में रिहायशी इलाकों के किराए में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है।

डिस्क्लेमर : इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। हिंदी ख़बर किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Related Articles

Back to top button