Jamui Viral Video : बिहार के जमुई जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बाइक से जा रहे एक नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद दोनों के साथ दुर्व्यवहार किया गया. मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है.
घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क पर बाइक सवार नाबालिग लड़के और लड़की को रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस हरकत में आई. जमुई के पुलिस अधीक्षक ने वायरल वीडियो और घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
6 से 7 लोगों के शामिल होने की आशंका
पुलिस के अनुसार, दोनों पीड़ित नाबालिग हैं. अधिकारियों ने उनसे बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी ली है. उनके बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस घटना में करीब 6 से 7 लोग शामिल हो सकते हैं. पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी की पहचान करने में जुटी है. मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके. अधिकारियों का कहना है कि घटना की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है.
नाबालिगों से जुड़े मामले को देखते हुए पुलिस संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
राजनीतिक दलों ने भी दी प्रतिक्रिया
जमुई मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. जेडीयू प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था के तहत कार्रवाई होगी और मॉब जस्टिस की कोई जगह नहीं है.
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने घटना को शर्मनाक बताया और कहा कि पुलिस दोषियों की पहचान कर रही है, उन्होंने कहा कि जो भी जिम्मेदार होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 240वें दिन पंजाब पुलिस ने 526 स्थानों पर की छापेमारी, 265 व्यक्ति गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









