UP News : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के एक छोटे से गांव से निकली यशोदा लोढ़ी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं. इसकी वजह सिर्फ उनका अंग्रेजी सिखाने का अलग अंदाज नहीं, बल्कि बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस का उनका वीडियो शेयर करना भी है. गांव की साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली यशोदा ने कभी खुद अंग्रेजी सीखने के लिए संघर्ष किया था, लेकिन आज वही अनुभव वह दूसरों को अंग्रेजी सिखाने में इस्तेमाल कर रही हैं.
यशोदा कौशांबी के सिराथू इलाके के लोधन का पुरवा गांव की रहने वाली हैं, उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है. शुरुआत में अंग्रेजी बोलना उनके लिए आसान नहीं था और उन्हें यह भी समझ नहीं आता था कि सीखने की शुरुआत कहां से करें. इसके बाद उन्होंने किसी महंगे कोर्स के बजाय खुद अभ्यास करने का फैसला किया.
यशोदा अंग्रेजी बोलने वाले लोगों के वीडियो सुनती थीं और उनमें बोले गए शब्दों व वाक्यों को बार-बार दोहराती थीं. लगातार सुनने और बोलने की प्रैक्टिस ने धीरे-धीरे उनका आत्मविश्वास बढ़ाया.
2023 में शुरू किया YouTube चैनल
अपनी सीख को दूसरों तक पहुंचाने के लिए यशोदा ने 26 दिसंबर 2023 को YouTube चैनल शुरू किया. उनका तरीका पारंपरिक अंग्रेजी क्लास से बिल्कुल अलग है. वह कठिन ग्रामर नियमों के बजाय रोजमर्रा की बातचीत में इस्तेमाल होने वाले आसान शब्द और छोटे वाक्य सिखाती हैं.
शुरुआत में उनके पति को भी इस काम से ज्यादा उम्मीद नहीं थी. लेकिन यशोदा लगातार वीडियो बनाती रहीं. रिपोर्ट के मुताबिक, चैनल शुरू होने के करीब एक महीने बाद ही उनका चैनल मोनेटाइज हो गया और अगले महीने उन्हें पहली पेमेंट भी मिली.
प्रियंका चोपड़ा ने शेयर किया वीडियो
यशोदा की लोकप्रियता को बड़ा उछाल तब मिला, जब प्रियंका चोपड़ा ने उनका एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. इसके बाद उनका कंटेंट तेजी से लोगों तक पहुंचा और उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 4 लाख फॉलोअर्स पूरे हो गए.
‘देहाती मैडम’ नाम अब यशोदा की पहचान बन चुका है. वह अपनी ग्रामीण पृष्ठभूमि को कमजोरी नहीं मानतीं. उनकी कहानी बताती है कि सीखने की इच्छा, आत्मविश्वास और लगातार मेहनत के दम पर साधारण शुरुआत भी बड़ी पहचान में बदल सकती है.
ये भी पढ़ें- आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन, CM योगी बोले- नई पीढ़ी के लिए बनेगा जीवंत क्लासरूम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









