Kanpur Viral Case : कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में एक महिला के फैसले ने चर्चा बटोरी है। तीन बच्चों की मां ने पति और मायके लौटने के बजाय उस युवती के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके संपर्क में वह पिछले करीब एक साल से थी। महिला ने पुलिस और कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने खुद को बालिग बताते हुए अपनी जिंदगी से जुड़ा फैसला लेने की बात कही।
मायके से अचानक हुई थी लापता
जानकारी के अनुसार, करीब 32 वर्षीय महिला छह सितंबर को अपने मायके से अचानक चली गई थी। परिवार ने काफी तलाश के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला पनकी इलाके में दिल्ली निवासी करीब 25 वर्षीय युवती के साथ रह रही है।
पुलिस ने बरामद कर दर्ज किया बयान
पुलिस टीम ने महिला को तलाश कर बरामद किया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह युवती के संपर्क में करीब एक साल से है और दोनों के बीच करीबी संबंध हैं। महिला ने स्पष्ट किया कि वह अपनी इच्छा से युवती के साथ रहना चाहती है।
मजिस्ट्रेट के सामने भी फैसले पर कायम रही महिला
पुलिस ने महिला को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां उसने अपने फैसले को दोहराया। महिला ने कहा कि वह बालिग है और अपने जीवन को लेकर निर्णय लेने में सक्षम है। उसने पति के घर या मायके लौटने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने इच्छा के आधार पर की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, महिला की ओर से किसी दबाव या जबरदस्ती की शिकायत सामने नहीं आई। उसके बयान और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की गई। इसके बाद दोनों महिलाएं थाने से साथ निकलीं और गुरुवार को बस से दिल्ली रवाना हो गईं। महिला के फैसले से उसके परिजन नाराज बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि महिला ने अपनी इच्छा स्पष्ट रूप से व्यक्त की थी और उसी आधार पर प्रक्रिया पूरी की गई।
ये भी पढ़ें- मिस्ट्री गर्ल के साथ वायरल वीडियो पर एल्विश यादव का जवाब, बोले- अफवाहें बंद करें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









