Monsoon News : देश के कई राज्यों में मानसून अब आफत बनता नजर आ रहा है. केरल और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. केरल में बारिश से जुड़े हादसों में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं. वहीं गुजरात के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. मौसम विभाग (IMD) ने दोनों राज्यों के कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है.
लगातार हो रही बारिश के कारण केरल में हालात गंभीर बने हुए हैं. बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 6 लोगों की तलाश जारी है. प्रभावित लोगों की मदद के लिए राज्यभर में 65 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 1,400 से अधिक लोगों को ठहराया गया है.
सबरीमाला श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी
भारी बारिश को देखते हुए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड और पथानामथिट्टा जिला प्रशासन ने 2 और 3 अगस्त को ‘निरापुथरी’ पर्व के दौरान सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की है. श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति देखकर यात्रा करने की अपील की गई है. पंपा नदी का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए केरल के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
गुजरात में भी लगातार बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं. IMD ने अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, राजकोट, भावनगर, मोरबी और बोटाद में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने कई जिलों में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. NDRF और SDRF की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं. सूरत और नवसारी समेत कई इलाकों से करीब 27 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
असम में बाढ़ का असर अभी भी जारी
असम में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन संकट अभी टला नहीं है. प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.78 लाख रह गई है, जबकि बाढ़ प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है. एएसडीएमए के अनुसार, पिछले 24 घंटे में किसी नई मौत की सूचना नहीं मिली है और मृतकों की कुल संख्या 82 बनी हुई है. फिलहाल 218 राहत शिविरों में 71,889 लोग रह रहे हैं और राहत वितरण केंद्रों के जरिए जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









