Kulgam Terror Attack : कुलगाम में दो श्रमिकों की हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में बारामूला जिले के शीरी इलाके से एक कथित ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को गिरफ्तार किया गया है. सुरक्षा बलों ने उसके कब्जे से गैर-कानूनी हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामान बरामद किया है. मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, नारवाव के ज़ंडफरान-गोरीवान क्रॉसिंग पर सेना, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से संयुक्त नाका लगाया गया था. इसी दौरान गोरीवान की ओर से आ रहा एक संदिग्ध व्यक्ति नाका देखकर भागने लगा. सतर्क जवानों ने उसका पीछा कर मौके पर ही उसे पकड़ लिया.
तलाशी में मिले हथियार और गोला-बारूद
सुरक्षा बलों ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक कैमोफ्लाज्ड MP-5 टाइप पिस्तौल, 9 एमएम के 10 जिंदा कारतूस वाली मैगजीन, एक मोबाइल फोन और एक काला बैकपैक बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बारामूला जिले के शीरी क्षेत्र के नंबलन निवासी एजाज अहमद गनी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत शीरी थाने में FIR नंबर 37/2026 दर्ज की है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की जांच कर रही हैं.
कुलगाम हमले के बाद बढ़ी सख्ती
अधिकारियों ने कहा कि सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और देश विरोधी तत्वों तथा उनके नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
गौरतलब है कि शुक्रवार रात कुलगाम के केल्लाम क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्टे पर दो आतंकियों ने मजदूरों पर गोलीबारी की थी. इस हमले में दो श्रमिकों की मौत हो गई थी. इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









