PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने Gen-Z और बच्चों को संबोधित करते हुए भावुक संदेश दिया. जंतर-मंतर पर हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह बच्चों को माफ करना चाहते हैं और उन्हें अदालतों के चक्कर नहीं कटवाना चाहते. प्रधानमंत्री ने कहा कि बचपन में गलतियां होती हैं और उन्हें सुधारने का अवसर भी मिलना चाहिए.
अपने संदेश की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हाय फ्रेंड्स, आज तो मन करता है बस आपसे ही बातें करूं. जंतर-मंतर पर जो कुछ भी हुआ, उसे देश और दुनिया ने देखा है. कुछ शरारती बच्चों ने भद्दी-भद्दी गालियां बोलीं. मुझे गालियां दी गईं, मेरी स्वर्गीय माता को भी अपशब्द कहे गए.”
गुमराह बच्चों को राह दिखाना हमारा काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज में इस घटना को लेकर जो आक्रोश है, वह उसे समझते हैं, उन्होंने कहा कि यह समय बच्चों को सजा देने का नहीं, बल्कि उन्हें सही रास्ता दिखाने का है, उन्होंने कहा, “ये गुमराह बच्चे हैं. उन्हें राह दिखाना हमारा काम है. उन्हें सजा देना, अदालतों के चक्कर कटवाना या समाज में प्रताड़ित करना, इससे परिस्थितियां नहीं बदलेंगी.”
दांत और जीभ दोनों अपने हैं
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में एक उदाहरण देते हुए कहा, “कभी-कभी दांतों तले हमारी जीभ आ जाती है और खून भी निकल आता है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दांत भी हमारे हैं और जीभ भी हमारी है. बच्चे भी हमारे हैं, उन्हें गले लगाकर आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है.”
वीडियो के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों से देश के विकास में साथ चलने की अपील की, उन्होंने कहा, “आओ, गलतियों से सीखो, अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ो. देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मैं चाहता हूं कि आपका भविष्य भी उज्ज्वल हो. मैं आपके लिए जीता हूं और आपके बेहतर भविष्य के लिए काम करता हूं.”
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे एक दिन पहले भी एक वीडियो साझा किया था. उस वीडियो में उन्होंने कहा था कि संसद ने एक ऐसा विधेयक पारित किया है, जो देश की परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाएगा.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









