By Election Result : बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है. तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जिसके बाद अब नतीजों का इंतजार खत्म होने वाला है. चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण तरीके से वोटों की गिनती के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में हैं. शुरुआती रुझानों में प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं.
प्रशांत किशोर को 3,795 वोट मिले
दूसरे चरण की गिनती के बाद जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर को 3,795 वोट मिले हैं और वह 1,161 वोटों से आगे चल रहे हैं. वहीं बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार दूसरे स्थान पर हैं, जबकि आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी तीसरे नंबर पर हैं.
बांकीपुर सीट पर कुल 31 राउंड की मतगणना होनी है. यह सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है. इस बार प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
दतिया में कांग्रेस ने बदली तस्वीर
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे. यहां 30 जुलाई को हुए मतदान में 71.44 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी. शुरुआती रुझानों में बीजेपी आगे चल रही थी, लेकिन चौथे राउंड के बाद तस्वीर बदल गई. कांग्रेस प्रत्याशी ने बढ़त बना ली और वह 833 वोटों से आगे चल रहे हैं.
दतिया सीट पर मुख्य मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी और कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है. इस सीट से कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.
मांजलपुर में बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुकाबला
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भी वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है. यह सीट बीजेपी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी.
बता दें कि मांजलपुर में 260 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए थे और कुल 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था. दूसरे चरण की गिनती के बाद बीजेपी उम्मीदवार सतीश पटेल को 3,109 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी भीखाभाई रबारी के खाते में 1,230 वोट आए हैं. अब सभी की नजरें तीनों सीटों के अंतिम चुनावी परिणाम पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









