Punjab News : ‘गैंगस्टरां ते वार ‘ अभियान के 194वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 587 ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की.
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से छेड़ी गई निर्णायक मुहिम है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी. एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं.
194वें दिन 313 व्यक्तियों की गिरफ्तारी
अभियान के 194वें दिन पुलिस टीमों ने दो हथियारों सहित 313 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 55,539 हो गई है.
इसके अतिरिक्त 193 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान पुलिस ने 11 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया.
गैंगस्टरों से जुड़ी सूचना देने की अपील
पंजाब पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के संबंध में पूरी गोपनीयता के साथ जानकारी साझा कर सकते हैं. नागरिक अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं भी इस हेल्पलाइन के माध्यम से दे सकते हैं.
443 नशीली गोलियां और ड्रग मनी जब्त
इस दौरान पंजाब पुलिस ने नशों के विरुद्ध चल रहे अपने विशेष अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 519वें दिन भी कार्रवाई जारी रखी. आज 85 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 5 किलोग्राम हेरोइन, 4.5 किलोग्राम भुक्की, 443 नशीली गोलियां तथा 12,320 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई.
इस अभियान के तहत पिछले 519 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 75,237 हो गई है. वहीं, नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत पंजाब पुलिस ने 12 व्यक्तियों को नशा छोड़ने तथा पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित कर उपचार करवाने हेतु राजी किया.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









