Punjab News : पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित वर्षभर चलने वाले उत्सवों के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों एवं आगामी प्रोग्रामों की प्रगति का जायजा लिया तथा सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रमों की सफलता हेतु पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री को बताया गया कि गुरु रविदास जी को समर्पित स्मारक उत्सवों के रूप में जुलाई से नवंबर तक प्रदेश भर में एक श्रृंखला के तहत धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और अन्य कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं.
विशेष कीर्तन दरबार आयोजित
इस बैठक में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, पंजाब विरासत एवं पर्यटन विकास बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली के अलावा विशेषज्ञ पैनल से संत प्रदीप दास जी डेरा बल्लां, संत निर्मल दास जी जालंधर, संत केवल सिंह जी तप अस्थान खुरालगढ़, संत सतविंदर सिंह हीरा चरण छोह गंगा खुरालगढ़, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से डॉ. मनजिंदर सिंह तथा अमृतसर से डॉ. राज कुमार हंस भी शामिल हुए.
बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि पंजाब भर के प्रमुख विश्वविद्यालयों में गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन एवं विरासत के बारे में सेमिनार और वर्कशॉप करवाई जा रही हैं. इसके अलावा समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष कीर्तन दरबार भी करवाए जा रहे हैं.
सभी जिला मुख्यालयों पर मैराथन
उत्सवों के हिस्से के रूप में पंजाब भर में 650 एकड़ जमीन पर गुरु रविदास जी की बगीचियाँ स्थापित की जा रही हैं. इसके अलावा 6.50 लाख पौधे लगाने तथा 6.50 लाख स्मारक झंडे वितरित करने संबंधी अभियान भी चलाया जा रहा है. सभी जिला मुख्यालयों पर ‘रन फॉर इक्वैलिटी’ मैराथन और प्रदेशभर में साइकिल रैलियाँ आयोजित करने की योजना है.
मंत्री को बताया गया कि अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से श्री खुरालगढ़ साहिब तक चार शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी. इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर तक श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय राज्य-स्तरीय समारोह होगा, जिसमें गुरु रविदास जी के जीवन पर प्रदर्शनियाँ, कथा एवं कीर्तन दरबार, संत सम्मेलन, गुरु रविदास जी की बाणी पर आधारित सम्मेलन, बेगमपुरा समागम एवं मीनार-ए-बेगमपुरा में थ्री-डी प्रोजेक्शन शो भी करवाए जाएंगे.
तैयारियों का गहनता से जायजा
इन आयोजनों से संबंधित तैयारियों का गहनता से जायजा लेते हुए सौंद ने सभी विभागों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु समुचित समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों के दौरान आवास, स्वच्छता, पेयजल, परिवहन, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक जनसेवाओं के लिए उचित प्रबंध करने के भी निर्देश दिए.
तैयारियों की प्रगति की नियमित निगरानी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को उचित, गौरवपूर्ण एवं स्मरणीय ढंग से मनाने के लिए प्रतिबद्ध है, उन्होंने कहा कि वर्षभर चलने वाले ये उत्सव गुरु रविदास जी की समानता, भाईचारे की साझेदारी, दया और नम्रता की सार्वभौमिक शिक्षाओं को जन-जन तक, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाने में सहायक होंगे.
उन्होंने अधिकारियों को तैयारियों की प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा प्रत्येक कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि देशभर की संगतों के लिए सुविधा एवं श्रद्धापूर्वक उत्सवों में भाग लेना सुनिश्चित किया जा सके.
इस बैठक के दौरान पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सचिव कुमार अमित, सूचना एवं लोक संपर्क के सचिव पुनीत गोयल, शिक्षा सचिव सोनाली गिरी, पर्यटन विभाग के निदेशक संजीव तिवारी, उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक कुलवंत सिंह तथा विशेषज्ञ समिति के सदस्य भी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









