DU BTech Admission 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने बीटेक पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। विश्वविद्यालय ने इंजीनियरिंग प्रोग्राम्स के लिए पहले सीट अलॉटमेंट राउंड की तारीख घोषित कर दी है। इसके साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि को भी बढ़ा दिया गया है, जिससे इच्छुक छात्रों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल सके।
ऑल इंडिया रैंक के आधार पर प्रवेश
डीयू के बीटेक कार्यक्रमों में प्रवेश JEE Main 2026 की ऑल इंडिया रैंक के आधार पर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पहला सीट आवंटन 24 जून 2026 को जारी किया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार अपने डैशबोर्ड पर आवंटित सीट की जानकारी देख सकेंगे और प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे।
दस्तावेजों और आवेदन विवरण की जांच
छात्रों को 24 जून से 29 जून तक अपनी सीट स्वीकार करने का अवसर मिलेगा। सीट स्वीकार करने के बाद फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी द्वारा दस्तावेजों और आवेदन विवरण की जांच की जाएगी। अंतिम स्वीकृति 30 जून को दी जाएगी, जबकि चयनित उम्मीदवारों को 1 जुलाई शाम 4:59 बजे तक प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून
विश्वविद्यालय ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 जून 2026 कर दी है। वहीं, पहले से आवेदन कर चुके छात्रों को अपने फॉर्म में संशोधन करने का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए करेक्शन विंडो 19 जून सुबह 10 बजे से 20 जून शाम 4:59 बजे तक खुली रहेगी।
प्रत्येक कोर्स में 145 सीटें निर्धारित
फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी के तहत तीन बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE), इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (EE) शामिल हैं। प्रत्येक कोर्स में 145 सीटें निर्धारित की गई हैं।
छात्रों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर
इंजीनियरिंग में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि सीट आवंटन और एडमिशन प्रक्रिया अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू होने जा रही है।
ये भी पढ़ें- सरकार की पेपर लीक रोकने की नियत नहीं, व्यवस्था बदलने के लिए जनता को सड़क पर आना पड़ेगा- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









