Delhi NCRराजनीति

कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी, कई राज्यों में नए चेहरों को मिल सकती है जिम्मेदारी

Political News : कांग्रेस में संगठन स्तर पर बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है. पार्टी आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और एआईसीसी में फेरबदल की तैयारी कर रही है. सूत्रों के अनुसार, संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए कई पदों पर बदलाव किया जा सकता है.

बताया जा रहा है कि कांग्रेस के करीब चार महासचिवों को जिम्मेदारी से हटाया जा सकता है. इसके साथ ही तीन से चार राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की संभावना है. वहीं, 6 से 7 राज्यों के प्रदेश प्रभारियों को भी बदले जाने की चर्चा है. इसके अलावा करीब 26 राष्ट्रीय सचिवों की छुट्टी हो सकती है, जबकि फिलहाल पार्टी में 62 राष्ट्रीय सचिव हैं.

नए प्रभारियों की तलाश तेज

सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद, महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडंकर और राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को बदले जाने की संभावना है.

बीके हरिप्रसाद के कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद हरियाणा में नए प्रभारी की नियुक्ति की जा सकती है. वहीं, रमेश चेन्निथला के केरल सरकार में मंत्री बनने के बाद महाराष्ट्र में भी नए प्रभारी की तलाश की जा रही है. केरल कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी जोसेफ के मंत्री बनने के बाद संगठन में बदलाव तय माना जा रहा है.

गिरीश चोडंकर को मिली नई जिम्मेदारी

तमिलनाडु का प्रभार संभाल रहे गिरीश चोडंकर को हाल ही में गोवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है, जिसके बाद एआईसीसी में उनकी भूमिका में बदलाव की संभावना जताई जा रही है.

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों को बदला जा सकता है. पंजाब और उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इन राज्यों में संगठन को लेकर बदलाव को अहम माना जा रहा है. पार्टी अंदरूनी मतभेदों को कम करने और संगठन को मजबूत करने के लिए नए नेताओं को मौका दे सकती है.

ये भी पढ़ें – बुजुर्गों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की बड़ी पहल, 1.11 लाख से ज्यादा लोगों को मिला लाभ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button