Weather Update : उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. जहां राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में गर्मी और लू का असर बना हुआ है, वहीं बुधवार शाम नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को भी प्रदेश में ऐसा ही मिला-जुला मौसम रहने की संभावना है. वहीं मानसून को लेकर भी विभाग ने अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश में मानसून पहुंच सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को यूपी के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है. हालांकि दक्षिणी हिस्सों और पूर्वांचल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. दूसरी ओर मध्य और पूर्वांचल के कई इलाकों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है. लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा समेत आसपास के क्षेत्रों में हीट वेव का अलर्ट है.
कई जिलों में बरसेंगे बादल
वाराणसी और प्रयागराज में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. सुबह के समय तेज धूप और उमस परेशान कर सकती है, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने और तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
30 जून तक झमाझम बारिश के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है. अगले दो से तीन दिनों में इसके यूपी में प्रवेश करने की संभावना है. 27 जून तक प्रदेश में मौसम ज्यादा बदलाव वाला नहीं रहेगा, जबकि 28 और 29 जून से बादलों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इसके बाद 30 जून को पूर्वांचल के कई जिलों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









