Haryana News : रोहतक CIA टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी हथियारों की सप्लाई में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह अवैध हथियारों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान जनता कॉलोनी निवासी कृत के रूप में हुई है। उसके पास से एक चीनी पिस्टल समेत दो विदेशी हथियार और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह इन हथियारों की डिलीवरी करने जा रहा था।
ऑनलाइन गेमिंग ने कर्ज में डुबोया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग के दौरान कर्ज में डूब गया था और इसी दौरान वह एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के संपर्क में आया। उसे हर डिलीवरी के बदले करीब एक लाख रुपये मिलते थे। उसका काम केवल बताए गए स्थानों से हथियार उठाकर आगे पहुंचाना था।
20 से अधिक बार सप्लाई
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पास दो विदेशी मोबाइल नंबर थे, जिन पर उसे हथियारों की लोकेशन और आगे की डिलीवरी के निर्देश मिलते थे। अब तक वह 20 से अधिक बार इस तरह की सप्लाई में शामिल रह चुका है।
पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच
पुलिस ने बताया कि आरोपी बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और उसका परिवार उसकी गतिविधियों से अनजान था। उसकी मां सरकारी विभाग में कार्यरत हैं। गिरफ्तारी के बाद परिवार को भी इस पूरे मामले की जानकारी मिली है।अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और विदेश से जुड़े संपर्कों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही जमानत प्रक्रिया में शामिल लोगों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
76 हथियार और 106 कारतूस बरामद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस साल पिछले वर्ष की तुलना में हथियार तस्करी से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई हुई है। वर्ष 2025 में दर्ज 66 मामलों में 76 हथियार और 106 कारतूस बरामद हुए थे, जबकि 2026 में अब तक 68 मामलों में 125 हथियार और 514 कारतूस जब्त किए जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान शांति समझौता भंग, इजरायल ने कर दिया लेबनान पर हमला, 16 लोगों की मौत, वेंस का स्विट्जरलैंड दौरा रद्द
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









