Delhi NCRशिक्षा

NEET की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ने किया सुसाइड, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

NEET Exam 2026 : राजस्थान के अलवर जिले के भनोखर गांव की 18 वर्षीय छात्रा रेणु मीणा ने दिल्ली में आत्महत्या कर ली। वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

लाइब्रेरी से पढ़ाई करके लौटी थी

बताया जा रहा है कि रेणु अपने तीन बहनों और एक भाई के साथ दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उनके पिता हरिनारायण मीणा भी परिवार के साथ वहीं रहते थे। 14 जून की शाम वह अपने भाई-बहनों के साथ लाइब्रेरी से पढ़ाई करके लौटी थी। घर पहुंचने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर दरवाजा खोला गया तो वह कमरे में फंदे से लटकी मिली।

समाज की सेवा करना था सपना

परिवार के अनुसार, रेणु पढ़ाई में काफी होशियार थी और 10वीं व 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर चुकी थी। उसका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना था, जिसके लिए वह लगातार मेहनत कर रही थी और लंबे समय तक लाइब्रेरी में पढ़ाई करती थी।

मानसिक तनाव की बात आई सामने

स्थानीय लोगों का कहना है कि वह NEET की तैयारी को लेकर गंभीर थी, हालांकि हाल के समय में परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितताओं और दबाव को लेकर मानसिक तनाव की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने जताई संवेदना

घटना की खबर गांव भनोखर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई। वहीं भरतपुर सांसद संजना जाटव ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच की आवश्यकता बताई और परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

ये भी पढ़ें- यूपी में मौसम का बदलता मिजाज, 27 जिलों में आंधी-बारिश अलर्ट, प्री-मानसून सक्रिय

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button