Uttar Pradeshमौसम

यूपी में मौसम का बदलता मिजाज, 27 जिलों में आंधी-बारिश अलर्ट, प्री-मानसून सक्रिय

Monsoon 2026 : उत्तर प्रदेश के मौसम में इन दिनों लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में प्री-मानसून की सक्रियता बनी हुई है, जिसके चलते कहीं तेज धूप और उमस तो कहीं आंधी-बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 27 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

उमस भरी गर्मी करेगी परेशान

लखनऊ में सुबह से ही बादलों की मौजूदगी बनी हुई है, जबकि पश्चिमी यूपी के अधिकांश जिलों में धूप निकलने से गर्मी बढ़ी हुई है। काशी, प्रयागराज और कानपुर में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में अधिक था।

प्री-मानसून बारिश का सिलसिला

प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश भी हुई, जिनमें गोरखपुर, महाराजगंज और झांसी शामिल हैं, जहां तेज बारिश के कारण कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी हवाओं के असर से प्री-मानसून बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मानसून फिलहाल बिहार सीमा के पास महाराजगंज के आसपास तक पहुंच चुका है और इसके 20 से 25 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।

तेज हवाओं के साथ तूफान की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 18 जून को पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 19 जून को हल्की से भारी बारिश और कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ तूफान जैसी स्थिति बन सकती है। 20 जून को कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर जोरदार बारिश हो सकती है। 21 जून को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है, हालांकि तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी संभव है। 22 जून को फिर से बादल छाने और कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें- “साडे बुजुर्ग साडा माण”- बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार की पहल, वृद्धाश्रमों के लिए 4.10 करोड़ रुपए जारी- डॉ. बलजीत कौर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button