Maharashtra Politics : महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) में अंदरूनी खींचतान की खबरों के बीच पार्टी में टूट की चर्चाएं तेज हो गई हैं. मुंबई से दिल्ली तक उद्धव गुट में बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों का दौर जारी है.
सूत्रों के मुताबिक, उद्धव गुट के कुछ सांसद आज दिल्ली में एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे से मुलाकात कर सकते हैं. इसके बाद ये सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से भी मिलने की तैयारी में हैं.
करोड़ों रुपये के ऑफर का लगाया आरोप
इस बीच शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने बागी सांसदों पर हमला बोला है, संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कुछ सांसदों की पहचान और राजनीतिक ताकत ठाकरे नाम की वजह से बनी थी और अब उनके फैसले का जवाब दिया जाएगा.
संजय राउत ने एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया कि सांसदों को बड़ी रकम के ऑफर दिए जा रहे हैं, उन्होंने दावा किया कि हर सांसद के लिए करोड़ों रुपये की पेशकश की गई है और कहा कि उनकी राजनीतिक कीमत सिर्फ शिवसेना और टीएमसी जैसे ब्रांड की वजह से बढ़ी.
अरविंद सावंत ने स्पीकर को पत्र लिखा
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राउत ने दावा किया कि कई सांसदों को पैसे देकर अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई है, उन्होंने बताया कि पार्टी ने संसदीय दल की बैठक के लिए व्हिप जारी किया है और इस संबंध में लोकसभा स्पीकर को पत्र भी भेजा गया है.
वहीं, शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि उन्होंने संविधान की रक्षा के लिए लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा है, उन्होंने कहा कि अभी तक किसी सांसद ने आधिकारिक तौर पर पार्टी छोड़ने की जानकारी नहीं दी है.
इन सांसदों के नामों पर हो रही है चर्चा
बताया जा रहा है कि शिंदे गुट उद्धव सेना के खिलाफ ‘ऑपरेशन टाइगर’ को आगे बढ़ाने की तैयारी में है. चर्चा है कि उद्धव गुट के 9 सांसदों में से 6 सांसद शिंदे गुट का हिस्सा बन सकते हैं.
जिन सांसदों के नाम चर्चा में हैं, उनमें संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल आष्टीकर, ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भानुसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव शामिल हैं. इसके अलावा नासिक से सांसद राजाभाउ वाजे के नाम की भी चर्चा हो रही है.
ये भी पढ़ें – अयातुल्ला अली खामेनेई को दफन करने की तारीख का ऐलान, 4 जुलाई से शुरु होगी प्रक्रिया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









