Other Statesमौसम

मुंबई में मॉनसून की दस्तक के साथ तेज बारिश, कई इलाकों में जलभराव, IMD अलर्ट जारी

Mumbai Monsoon : महाराष्ट्र के सभी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पहुंच चुका है. मुंबई में मॉनसून के प्रवेश के बाद तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. मंगलवार रात से जारी भारी बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मुंबई का अंधेरी इलाका बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आया. भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे में पानी भर गया, जिसके बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने एहतियात के तौर पर अंडरपास को बंद कर दिया.

मुंबई समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बताई गई है.

बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है, जिससे कई जगहों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को जलभराव और ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ सकता है.

आज भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना

मुंबई में बीती रात 5 से 6 घंटे के दौरान अलग-अलग इलाकों में 71 से 99 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई. वहीं, 23 जून को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक सेंट्रल मुंबई स्थित नायर अस्पताल इलाके में सबसे ज्यादा 78.96 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.

मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून को भी मुंबई में दिनभर बादल छाए रहने के साथ मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है. इसके चलते सड़कों पर जलभराव और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है.

लेकिन जलजमाव ने बढ़ाई परेशानी

मुंबई के लोगों को लंबे समय से गर्मी से राहत का इंतजार था, जो मॉनसून की बारिश के साथ खत्म हुआ. हालांकि, मॉनसून की शुरुआत के साथ ही शहर में जलजमाव की समस्या भी देखने को मिल रही है.

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मंगलवार, 23 जून को मुंबई पहुंचा, जो सामान्य तारीख 10 जून से करीब 13 दिन की देरी से है. IMD के मुताबिक, मॉनसून ने मध्य अरब सागर के बाकी हिस्सों, महाराष्ट्र के कुछ और क्षेत्रों के साथ मुंबई, तेलंगाना और ओडिशा के बचे हुए हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों को भी कवर कर लिया है.

इससे पहले साल 2023 में भी मुंबई में मॉनसून 25 जून को पहुंचा था. वहीं, 1974 और 1958 में मॉनसून के पहुंचने में सबसे ज्यादा देरी दर्ज की गई थी, जब यह 28 जून को आया था.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button