Sanchita Ugale : टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. लोकप्रिय सीरियल “कुमकुम भाग्य” में अपने किरदार के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री संचिता उगाले का निधन हो गया है. वह मात्र 22 वर्ष की थीं. उनके निधन की खबर से टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.
जानकारी के अनुसार, घटना मुंबई के नालासोपारा (पूर्व) स्थित अचोले इलाके में उनके आवास पर हुई. बताया जा रहा है कि उन्हें गंभीर हालत में परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अचोले पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू
सूचना मिलते ही अचोले पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था.
टीवी और ओटीटी में संचिता उगाले का सफर
बता दें कि संचिता उगाले ने टीवी इंडस्ट्री में धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई थी. वह “कुमकुम भाग्य” के अलावा “वागले की दुनिया” और दंगल टीवी के शो “दिलवाली दुल्हनिया ले जाएगी” में भी नजर आ चुकी थीं. इसके साथ ही उन्होंने कुछ फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी काम किया था, जिनमें “छावा” और “साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट” जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं.
उनके निधन की खबर से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में गहरा दुख है और सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है.
ये भी पढ़ें – 30 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामला: नाबालिग सहित दो साथी गिरफ्तार, 5 किलो और हेरोइन बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








