राष्ट्रीय

होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव, अमेरिका ने कई ईरानी ड्रोन मार गिराने का किया दावा

Hormuz Strait : होर्मुज स्ट्रेट के आसपास बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने दावा किया है कि उसने कई ईरानी ड्रोन को नष्ट कर दिया है. अमेरिकी सेना का कहना है कि ये ड्रोन क्षेत्र से गुजर रहे कॉमर्शियल जहाजों को निशाना बनाने के लिए भेजे गए थे. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी आरोप लगाया था कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमला करने की कोशिश की थी.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि ईरान की ओर से कई “वन-वे अटैक ड्रोन” लॉन्च किए गए थे. CENTCOM के अनुसार अमेरिकी बलों ने कार्रवाई करते हुए इन सभी ड्रोन को रास्ते में ही मार गिराया. साथ ही कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग पर जहाजों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की है. अधिकारी के अनुसार जिन ड्रोन को नष्ट किया गया, वे क्षेत्र में संचालित वाणिज्यिक जहाजों के लिए संभावित खतरा बन सकते थे.

भारतीय जहाजों को निशाना बनाने का आरोप

इन घटनाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ईरान पर गंभीर आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे भारतीय जहाजों को ड्रोन के जरिए निशाना बनाने की कोशिश की गई, जिसे उन्होंने पूरी तरह अस्वीकार्य बताया. ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए अपने रुख में बदलाव करने की बात भी कही.

हालांकि गुरुवार रात या उसके बाद होर्मुज स्ट्रेट के आसपास किसी भारतीय ध्वज वाले जहाज पर ड्रोन हमले की कोई पुष्टि नहीं हुई है. भारत और ईरान, दोनों देशों की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान जारी नहीं किया गया है.

अमेरिकी कार्रवाई को लेकर भारत ने जताया विरोध

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब भारत ने इसी सप्ताह दूसरी बार अमेरिकी राजनयिक को तलब किया है. भारत ने ओमान की खाड़ी में भारतीय क्रू वाले तीन व्यापारी जहाजों के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज कराई है. इस घटना में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है. मामले को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत कर भारत का विरोध दर्ज कराया है.

ये भी पढ़ें- सोने में निवेश को लेकर बदला नजरिया, विशेषज्ञ बोले- नई खरीदारी से बचें निवेशक

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button