टेक

क्या iPhone बन गया है बर्थ कंट्रोल डिवाइस? रिसर्च में चौंकाने वाला दावा

iPhone and Fertility Link : क्या iPhone की वजह से जन्म दर (Birth Rate) में कमी आ रही है? हाल के समय में ऐसा दावा किया जा रहा है, क्योंकि 2007 में iPhone लॉन्च होने के बाद से अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों में जन्म दर में लगातार गिरावट देखी गई है. आम तौर पर जब जीवन स्तर बेहतर होता है, तो जन्म दर घटने लगती है, लेकिन पिछले लगभग 20 सालों में इसमें एक समान गिरावट का ट्रेंड नजर आया है. कुछ हालिया रिसर्च में इस बदलाव के पीछे iPhone की भूमिका पर भी चर्चा की गई है.

अमेरिका के National Bureau of Economic Research के आंकड़ों के अनुसार, 1980 से 2007 के बीच प्रति 1,000 महिलाओं पर जन्म दर लगभग 65 से 70 के बीच स्थिर रही थी. लेकिन 2007 के बाद इसमें गिरावट शुरू हो गई और 2024 तक यह आंकड़ा लगभग 54 तक पहुंच गया, यानी करीब 22% की कमी दर्ज की गई.

iPhone से जन्म दर में गिरावट

यह भी बताया गया है कि इसके पीछे 2008 का आर्थिक संकट जैसे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन अध्ययन में खास तौर पर iPhone के प्रभाव पर ध्यान दिया गया है. 2007 से 2011 के बीच जब iPhone केवल AT&T नेटवर्क पर उपलब्ध था, तब जिन इलाकों में AT&T की कवरेज थी, वहां अलग-अलग उम्र की महिलाओं में जन्म दर में गिरावट दर्ज की गई. उदाहरण के लिए 15-19 और 20-24 आयु वर्ग में कमी अधिक देखी गई, जबकि 30 वर्ष से ऊपर की महिलाओं में यह बदलाव कम या अलग तरह का रहा.

रिपोर्ट में यह भी तुलना की गई कि जिन क्षेत्रों में AT&T कवरेज थी, वहां टीनएज जन्म दर में ज्यादा गिरावट आई, जबकि बिना कवरेज वाले क्षेत्रों में यह गिरावट अपेक्षाकृत कम रही.

स्मार्टफोन से जन्म दर में बदलाव

शोधकर्ताओं के अनुसार, जन्म दर में कमी के कई कारणों में से एक कारण स्मार्टफोन, खासकर iPhone, भी हो सकता है. इसके पीछे यह तर्क दिया गया है कि स्मार्टफोन आने के बाद लोगों का आमने-सामने का सामाजिक संपर्क कम हुआ है और यौन गतिविधियों में भी बदलाव देखा गया है. साथ ही यह भी संभावना जताई गई है कि स्मार्टफोन के जरिए गर्भनिरोधक और गर्भपात से जुड़ी जानकारी तक पहुंच आसान हो गई, जिससे प्रेग्नेंसी के फैसलों पर असर पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें – अंधविश्वास के चलते भीड़ का खूनी तांडव, पत्नी को ‘डायन’ बताने पर बचाने आए पति की हत्या

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button