Tejas Fighter Jet : भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान कार्यक्रम तेजस (LCA Mk-1A) से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने हैदराबाद स्थित सप्लायर कंपनी ‘TEC एयरो डिवाइसेस’ के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कराया है।
पुर्जों के दिए थे 18 खरीद आदेश
जानकारी के अनुसार, HAL ने इस कंपनी को तेजस विमान के कुछ महत्वपूर्ण पुर्जों के निर्माण के लिए 18 खरीद आदेश (Purchase Orders) दिए थे। नियमों के तहत, सप्लायर को यह साबित करना जरूरी होता है कि तैयार किए जा रहे पुर्जे तय मानकों पर खरे उतरते हैं, जिसके लिए प्रमाणित लैब टेस्ट रिपोर्ट जमा करनी होती है।
तकनीकी परीक्षणों में पास होने का दावा
आरोप है कि TEC एयरो डिवाइसेस ने इस प्रक्रिया के दौरान कुल 199 टेस्ट रिपोर्ट प्रस्तुत कीं, जिनमें धातु की मजबूती, कठोरता, भार सहन क्षमता और जंग रोधी क्षमता जैसे कई तकनीकी परीक्षणों में पास होने का दावा किया गया था।
HAL की QCT टीम ने किया ऑडिट
मामले की गंभीरता तब सामने आई जब HAL की क्वालिटी कंट्रोल टीम ने इन रिपोर्ट्स की विस्तृत ऑडिट जांच की। जांच में पाया गया कि इन दस्तावेजों पर जिस हैदराबाद स्थित लैब ‘एक्सिस इंस्पेक्शन सॉल्यूशंस’ का नाम और सील इस्तेमाल की गई थी, वह असली नहीं थी।
नाम, लेटरहेड और हस्ताक्षरों का दुरुपयोग
जब HAL ने संबंधित लैब से संपर्क किया तो लैब ने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसी कोई भी टेस्ट रिपोर्ट उनकी ओर से जारी नहीं की गई है और उनके नाम, लेटरहेड तथा हस्ताक्षरों का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए हैं।
TEC को किया 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट
इसके बाद HAL ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कंपनी के खिलाफ आंतरिक जांच पूरी की और TEC एयरो डिवाइसेस को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी सप्लाई के लिए कंपनी को कोई भुगतान नहीं किया गया, जिससे किसी वित्तीय नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत मामला दर्ज
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इन कथित फर्जी रिपोर्ट्स से जुड़े पुर्जों का उपयोग किसी विमान में किया गया था या नहीं।
ये भी पढ़ें- POK में पाकिस्तान के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, मुजफ्फराबाद में धारा 144 लागू, इंटरनेट बंद, कई लोग घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








