राष्ट्रीय

मणिपुर में 6 नागा लोगों के शव मिलने से बवाल, इंफाल में भड़की हिंसा, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Manipur Violence : मणिपुर की राजधानी इंफाल में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली. नागा समुदाय के छह लोगों के शव मिलने की सूचना के बाद बुधवार रात कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए. जानकारी सामने आते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और विरोध जताने लगे.

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बैरिकेड्स हटाने की कोशिश की, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. इस दौरान आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं. अस्पताल परिसर के बाहर देर रात तक प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तनाव बना रहा.

सेनापति जिले से 6 लोगों के शव बरामद

बताया गया कि 13 मई को सशस्त्र समूहों ने 20 लोगों को बंधक बना लिया था. इनमें 14 कुकी और 6 नागा समुदाय के लोग शामिल थे. एक दिन पहले 14 कुकी लोगों को रिहा कर दिया गया था, जबकि नागा समुदाय के छह लोग लापता थे.

बुधवार दोपहर इन छह लोगों के शव सेनापति जिले से बरामद किए गए. इसके बाद इंफाल में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए. मणिपुर पुलिस के अनुसार, बरामद शव उन छह लापता नागा पुरुषों के बताए जा रहे हैं, जिन्हें कांगपोकपी जिले में सशस्त्र समूहों द्वारा बंधक बनाया गया था.

जानिए इस घटना पर क्या बोले राज्य के सीएम

नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के अध्यक्ष एवं मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने मणिपुर में नगा समुदाय के 6 लोगों की हत्या की घटना की बुधवार को कड़ी निंदा की, उन्होंने कहा कि इस जघन्य वारदात के जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे लाकर सख्त सजा दी जानी चाहिए. अपने बयान में संगमा ने इन हत्याओं को बेहद दुखद और पूरी तरह अस्वीकार्य बताया और पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता जताई, उन्होंने कहा, ‘मैं नगा समुदाय के 6 लोगों की निर्मम हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं. हिंसा का यह कृत्य बेहद दुखद और पूरी तरह से अस्वीकार्य है.”

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एनपीपी अध्यक्ष ने कहा कि यूनाइटेड नगा काउंसिल (UNC) द्वारा संवाद और सुलह की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बीच ऐसी घटना बेहद दुखद है, उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. साथ ही सभी पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

ये भी पढ़ें – ‘सरकारी राशन’ ने ली पत्नी की जान, प्रेम विवाह के छह साल बाद पति बना हैवान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button