Haryana

फरीदाबाद जेल में कैदी ने किया सुसाइड, बाथरूम में लगाया फंदा, परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

Haryana News : फरीदाबाद की नीमका जिला जेल में सोमवार तड़के एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी ऋतिक उर्फ रंकित भड़ाना (25) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 11 महीने से विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

अस्पताल के बाथरूम में लटका मिला शव

जेल सूत्रों के मुताबिक, ऋतिक पर मारपीट और हत्या के प्रयास समेत लगभग 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते उसे जेल परिसर के अस्पताल में भर्ती किया गया था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात वह अस्पताल के बाथरूम में गया, जहां बाद में उसका शव फंदे से लटका मिला।

घटना के बाद जब वह अपने बेड पर नहीं मिला तो जेल स्टाफ ने तलाश शुरू की, जिसके बाद उसका शव बाथरूम में मिला। सूचना मिलते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया।

जेल प्रशासन ने आरोपों को नकारा

वहीं मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जेल में उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। दूसरी ओर जेल प्रशासन ने इन सभी आरोपों को नकारते हुए कहा है कि बंदियों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया जाता और वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था।

निगरानी और प्रबंधन प्रणाली पर सवाल

फरीदाबाद नीमका जेल पहले भी सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की मौत को लेकर सवालों में रह चुकी है। अब इस ताजा मामले के बाद एक बार फिर जेल की निगरानी और प्रबंधन प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और मजिस्ट्रेट स्तर पर मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- POK में पाकिस्तान के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, मुजफ्फराबाद में धारा 144 लागू, इंटरनेट बंद, कई लोग घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button