Security Officer Kills Wife Son Gurgaon : गुरुग्राम के साइबर सिटी इलाके के अशोक विहार में शनिवार रात हुए डबल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया है. एक सिक्योरिटी ऑफिसर पिता द्वारा अपनी पत्नी और बेटे की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में अब चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. इस वारदात की सबसे अहम गवाह आरोपी की बेटी बनी है, जिसने पुलिस को पूरी घटना की आपबीती बताई है.
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी अनिल का अपनी पत्नी आशा के साथ रात करीब 11 बजे विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया. इसी दौरान घर के अन्य सदस्य भी बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद अनिल ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर पत्नी और बेटे प्रशांत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
बेटी के सामने पिता का खूनी तांडव
घटना के समय घर में मौजूद बेटी के अनुसार, उसने ऊपर से चीख-पुकार और गोली चलने की आवाजें सुनीं. जब वह मौके पर पहुंची तो उसने अपने पिता को मां के साथ मारपीट करते देखा. इसके बाद भाई ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाकर वहां से हटने को कहा और फिर हथियार लेकर फायरिंग शुरू कर दी.
14 खाली कारतूस बरामद
बेटी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने उन्हें भी निशाना बनाने की कोशिश की, जिसके बाद वह और उसकी भाभी किसी तरह वहां से भागकर पास के कमरे में छिप गईं और अपनी जान बचाई. कुछ देर बाद जब वे वापस लौटीं, तो मां और भाई खून से लथपथ हालत में पड़े थे.
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से 14 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जो गोलीबारी की तीव्रता को दर्शाते हैं. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात बेहद आक्रोश और गुस्से में अंजाम दी गई. फिलहाल आरोपी अनिल पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है.
जांच में जुटी पुलिस
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों को कितनी गोलियां लगीं. पुलिस इस मामले में पारिवारिक विवाद और घटना के पीछे की असली वजहों की गहराई से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









