Petrol Pump Restrictions : ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के चलते होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम तेल व्यापार मार्ग पर लंबे समय से असर देखा जा रहा है. इस स्थिति का प्रभाव वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति पर पड़ रहा है, जिससे भारत भी प्रभावित हो रहा है. पश्चिम एशिया में चल रहे इस तनाव के जल्द खत्म होने को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है. इसी बीच सरकार द्वारा ईंधन की संभावित कमी से निपटने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं.
इन्हीं उपायों के तहत अब पेट्रोल पंपों से औद्योगिक स्तर पर पेट्रोल और डीजल की बड़ी मात्रा में खरीद पर रोक लगा दी गई है. एक सरकारी आदेश के मुताबिक इंडस्ट्रियल, कमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल उपयोगकर्ताओं को अब रिटेल फ्यूल आउटलेट्स से पेट्रोल-डीजल लेने की अनुमति नहीं होगी, उन्हें अपनी आवश्यकता के अनुसार ईंधन की आपूर्ति अधिकृत बल्क सेल प्वाइंट या अपने निर्धारित कंज्यूमर पंपों से ही प्राप्त करनी होगी. यह व्यवस्था 90 दिनों तक लागू रहेगी.
रिटेल आउटलेट्स पर डीजल बिक्री में बढ़ोतरी
आदेश में यह भी कहा गया है कि कुछ क्षेत्रों में रिटेल आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है. इसका एक कारण रिटेल और बल्क कीमतों में अंतर भी बताया गया है, जिसके चलते बड़े उपभोक्ता रिटेल पंपों से ईंधन खरीदने लगे थे. उदाहरण के तौर पर दिल्ली में जहां रिटेल पंपों पर डीजल की कीमत लगभग 95.20 रुपये प्रति लीटर है, वहीं बल्क सप्लाई में इसकी कीमत करीब 134.50 रुपये प्रति लीटर बताई गई है.
पेट्रोल-डीजल बिक्री में असामान्य बढ़ोतरी
नोटिफिकेशन में यह भी उल्लेख है कि मौजूदा परिस्थितियों में देश के कुछ हिस्सों में मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) और हाई स्पीड डीजल की बिक्री में असामान्य बढ़ोतरी देखी गई है. इसी वजह से इंडस्ट्रियल, कमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल उपभोक्ताओं के लिए रिटेल आउटलेट्स का उपयोग सीमित किया गया है और उन्हें अपने स्वयं के कंज्यूमर पंपों से सप्लाई लेने का निर्देश दिया गया है.
साथ ही रिटेल फ्यूल स्टेशनों पर डीजल बिक्री को लेकर भी नई व्यवस्था लागू की गई है. डीजल केवल वाहनों के फ्यूल टैंक या पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) से अनुमोदित कंटेनरों में ही भरा जा सकेगा. इसके अलावा प्रत्येक वाहन या ग्राहक के लिए प्रतिदिन अधिकतम 200 लीटर डीजल खरीदने की सीमा तय की गई है.
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर 67,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दीं- कुलतार सिंह संधवां
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









