बिज़नेस

आयात शुल्क बढ़ने के बाद बदली बाजार की चाल, सोना-चांदी में आज बड़ी गिरावट

Gold Silver Rate Today 14 May : सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार 14 मई को गिरावट देखने को मिली. बुधवार को दोनों कीमती धातुओं में तेज उछाल दर्ज किया गया था, लेकिन आज निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते बाजार पर दबाव बना रहा. हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा सोना और चांदी पर आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर करीब 15 फीसदी किए जाने के बाद बुधवार को बाजार में बड़ी तेजी आई थी.

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का भाव करीब 1.2 फीसदी टूटकर ₹2,96,213 प्रति किलो तक पहुंच गया. वहीं सोना 0.7 फीसदी की गिरावट के साथ ₹1,61,027 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा. इससे पहले बुधवार को सोना ₹1,62,250 और चांदी ₹3,00,500 पर बंद हुई थी. इस हिसाब से आज सोने में ₹1,223 और चांदी में ₹4,287 की कमी दर्ज की गई.

ईरान तनाव से बाजार की चाल प्रभावित

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में कमजोरी का रुख देखने को मिला. निवेशकों की नजर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच जारी बैठकों पर टिकी हुई है. इसके अलावा ईरान से जुड़े तनावपूर्ण हालात भी बाजार की चाल को प्रभावित कर रहे हैं.

वहीं, स्पॉट सिल्वर 0.9 फीसदी गिरकर 87.18 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट गोल्ड लगभग स्थिर रहकर 4,688.43 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता नजर आया. वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.2 फीसदी कमजोर होकर 4,695 डॉलर प्रति औंस पर आ गया.

मुनाफावसूली से बाजार में गिरावट

विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार को आई तेज तेजी के बाद आज निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे बाजार में गिरावट देखने को मिली. सरकार द्वारा आयात शुल्क बढ़ाने का उद्देश्य बुलियन आयात को नियंत्रित करना, रुपये पर दबाव कम करना और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखना है.

हालांकि वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश के रूप में सोना और चांदी की मांग अभी भी बनी हुई है. अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंता, ब्याज दरों पर अनिश्चितता और ईरान संघर्ष जैसे कारण निवेशकों को अब भी कीमती धातुओं की ओर आकर्षित कर रहे हैं.

चार वर्षों की सबसे बड़ी महंगाई बढ़ोतरी

इसके साथ ही अमेरिका से आए ताजा आर्थिक आंकड़ों ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है. अप्रैल महीने में उत्पादक कीमतों में पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह संकेत मिला है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में महंगाई का दबाव अभी भी कायम है. यही वजह है कि कीमतों में गिरावट के बावजूद सोना और चांदी सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में मजबूत बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें- राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने टीचिंग एसोसिएट के 3540 पदों पर निकाली भर्ती, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button