Chhattisgarhराज्य

छत्तीसगढ़ रूट पर रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं, 77 ट्रेनें जून में रहेंगी रद्द

Train cancellation : छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 77 ट्रेनों को रेलवे ने जून में अलग-अलग तारीखों पर रद्द करने का निर्णय लिया है. यह फैसला बिलासपुर रेल मंडल के चांपा स्टेशन पर चौथी रेल लाइन जोड़ने के काम के कारण लिया गया है. रेलवे के मुताबिक 7 जून से 19 जून के बीच 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित रहेंगी. इसके साथ ही 8 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा, 6 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा, जबकि 5 ट्रेनें देरी से संचालित होंगी.

इस फैसले का असर केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश समेत 7 राज्यों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. गर्मी की छुट्टियों और समर सीजन में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की दिक्कतें बढ़ने की संभावना है. यात्रियों को कुछ राहत देने के लिए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस को अस्थायी तौर पर पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला किया है. 8 जून से 19 जून तक यह ट्रेन कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर सेवा के रूप में संचालित होगी.

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील

रेलवे प्रशासन के अनुसार हावड़ा-पुणे दुरंतो, सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस को रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी कुछ ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचने की अपील की है.

नई रेल लाइन से ट्रेनों की आवाजाही होगी सुगम

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने का कार्य जारी है. यह रेल मार्ग देश के सबसे व्यस्त रूटों में शामिल है और उत्तर भारत को दक्षिण भारत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. वहीं, रेलवे का कहना है कि नई लाइन शुरू होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी, समयपालन में सुधार आएगा और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुलेगा.

रेल प्रशासन ने जानकारी दी है कि बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना पर काम चल रहा है, जिसमें 180 किलोमीटर से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इसी परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को भी चौथी लाइन से जोड़ा जा रहा है.

ये भी पढ़ें- मोदी सरकार में चार बार नीट का पेपर लीक हो चुका है, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button