Petrol Diesel Price Today : वैश्विक स्तर पर चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालातों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम बढ़कर 70 डॉलर प्रति बैरल से आगे निकलकर करीब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं. इसके बावजूद भारत में अभी तक पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का दबाव सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर लगातार बढ़ रहा है. अनुमान है कि इन कंपनियों को हर महीने लगभग 30,000 करोड़ रुपये तक का घाटा उठाना पड़ रहा है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कीमतों में बदलाव की स्थिति अगले कुछ दिनों में, संभवतः 15 अप्रैल से पहले, देखने को मिल सकती है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दामों का असर
तनाव के कारण समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी असर पड़ा है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए एक अहम रूट माना जाता है. यहां से दुनिया के कुल तेल व्यापार का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है. इस बाधा की वजह से सप्लाई चेन पर असर पड़ा है और कई देशों में ईंधन के दामों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ते दामों का असर अलग-अलग देशों में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है. हॉन्ग कॉन्ग, सिंगापुर, नीदरलैंड्स, इटली और यूके जैसे देशों में पेट्रोल की कीमतें काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच चुकी हैं, जबकि भारत में फिलहाल रेट अपेक्षाकृत स्थिर बने हुए हैं.
कुछ देशों में कामकाज पर असर
कुछ देशों में ईंधन की उपलब्धता और आर्थिक दबाव के चलते कामकाज के दिनों में भी बदलाव किए गए हैं. वहीं, भारत में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और पेट्रोल पंपों पर कोई बड़ी कमी नहीं देखी जा रही है.
ऊर्जा संतुलन के लिए उत्पादन और आयात पर जोर
आपूर्ति को संतुलित बनाए रखने के लिए देश में एलपीजी उत्पादन क्षमता में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके साथ ही भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए अलग-अलग देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है, जिसमें रूस और अमेरिका प्रमुख आपूर्तिकर्ता बने हुए हैं. फिलहाल रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश जारी है.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









