Other Statesराज्य

तमिलनाडु में 200 यूनिट मुफ्त बिजली, लेकिन शर्तें लागू, CM विजय के ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

CM Vijay Policy : अपने फैंस के बीच ‘थलापति’ के नाम से मशहूर अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है. सत्ता संभालते ही उन्होंने अपने चुनावी वादों को लागू करने की दिशा में कई अहम घोषणाएँ कीं, हालांकि अब उनके सामने इन्हें पूरा करने की बड़ी चुनौती भी खड़ी हो गई है.

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद विजय ने सबसे पहले घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की, लेकिन इसके साथ एक शर्त भी जोड़ दी गई है. इस योजना का लाभ केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनकी दो महीने की बिलिंग अवधि में बिजली खपत 500 यूनिट से अधिक नहीं है. इस शर्त के चलते सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हो गई है, जहां लोग इसे चुनावी वादों से अलग बताया जा रहा है.

राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता

इसके अलावा, उन्होंने राज्य में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए 65 एंटी-ड्रग टास्क फोर्स यूनिट्स गठित करने की घोषणा की. वहीं महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ‘सिंगा पेन सिरप्पु अथिराडी पदाई’ नाम से एक विशेष टास्क फोर्स बनाने का भी ऐलान किया गया है, जो महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करेगी.

विजय ने अपने संबोधन में राज्य की आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि तमिलनाडु इस समय गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है और राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है, जबकि खजाना लगभग खाली स्थिति में है.

चुनावी घोषणापत्र में बड़े वादों की झलक

उनके चुनावी घोषणापत्र में कई बड़े वादे शामिल हैं, जिनमें 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता राशि, विवाह के लिए 8 ग्राम 22 कैरेट सोना, प्रति परिवार सालाना छह मुफ्त गैस सिलेंडर और नवजात बच्चों के लिए ‘थाई ममन थंगा मोथिरम’ योजना के तहत सोने की अंगूठी शामिल है. इसके साथ ही ‘बेबी वेलकम किट’ देने का भी वादा किया गया है, जिसमें पोषण और शिशु देखभाल से जुड़ी सामग्री होगी.

आर्थिक चुनौतियों के बीच वादों को लागू करना चुनौती


इसके अलावा गरीब दुल्हनों को सोने के साथ उच्च गुणवत्ता वाली रेशमी साड़ी देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है.

अब देखना यह होगा कि भारी चुनावी वादों और राज्य की आर्थिक चुनौतियों के बीच मुख्यमंत्री विजय इन योजनाओं को किस तरह धरातल पर उतार पाते हैं.

ये भी पढ़ें- परमाणु नीति पर बढ़ा तनाव, अमेरिका-ईरान आमने-सामने, NPT पद को लेकर विवाद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button