NEET UG Paper Leak Case : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि उसने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में कथित मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि वह पुणे स्थित अपने घर पर “विशेष कोचिंग क्लास” चला रहा था, जहां छात्रों को संभावित प्रश्न, उनके विकल्प और सही उत्तर लिखवाए जाते थे, जो बाद में परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए.
केंद्रीय जांच ब्यूरो के अनुसार, अप्रैल के आखिरी सप्ताह में कुलकर्णी ने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे, जिसे 14 मई को गिरफ्तार किया गया था, की मदद से कुछ छात्रों से संपर्क स्थापित किया था. इसके बाद कथित रूप से विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रश्न और उनके उत्तर छात्रों से नोटबुक में लिखवाए गए थे. जांच में सामने आया है कि ये हस्तलिखित नोट्स 3 मई को हुई NEET-UG 2026 परीक्षा के रसायन विज्ञान के प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए.
लातूर के कोचिंग सेंटरों पर जांच तेज
बता दें कि कुलकर्णी महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक कॉलेज में रसायन विज्ञान के सेवानिवृत्त प्रोफेसर रह चुके हैं. बताया गया है कि वह चार साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे और पहले NEET के लिए रसायन विज्ञान प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति से भी जुड़े रहे थे.
जांच के दौरान सीबीआई ने लातूर के एक प्रमुख कोचिंग संस्थान के निदेशक से भी पूछताछ की है. टीम ने देर रात और सुबह के समय शहर के शिवनगर इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर से जुड़े स्थानों पर भी जांच की कार्रवाई की.
देशभर में तलाशी अभियान जारी
एजेंसी ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में कई जगह तलाशी अभियान चलाए गए, जिनमें मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनका फोरेंसिक परीक्षण किया जा रहा है. इसके अलावा कोचिंग सेंटरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जब्त की गई है, जिसकी जांच की जा रही है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









