NEET UG 2026 Exam Cancelled : नीट पेपर लीक मामले और इसके नासिक कनेक्शन को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है. इंदिरानगर निवासी शुभम खैरनार को इंदिरानगर पुलिस थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है. फिलहाल सेंट्रल यूनिट-2 की टीम उससे इस मामले में संभावित भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है.
मामले में नासिक लिंक सामने आने के बाद हड़कंप की स्थिति बनी हुई है. इससे पहले इस केस के तार केरल और राजस्थान से जुड़े होने की बात भी सामने आई थी. नीट परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन आरोप है कि परीक्षा का प्रश्नपत्र करीब 42 घंटे पहले ही व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर वायरल हो गया था.
हुलिया बदलकर पहचान छिपाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नाम का इस्तेमाल किया और जांच के दौरान उसने अपना हुलिया भी बदल लिया था. हालांकि तकनीकी जांच और क्राइम ब्रांच की विशेष टीम की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही.
क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि उसे उस समय पकड़ा गया जब वह देवदर्शन के लिए जा रहा था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है.
सीबीआई-राजस्थान पुलिस में जानकारी साझा जारी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस मामले में सीबीआई और राजस्थान पुलिस के बीच जानकारी साझा की जा रही है. राजस्थान पुलिस ने आरोपी की कस्टडी लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
यह भी दावा किया जा रहा है कि वायरल हुआ प्रश्नपत्र वास्तविक परीक्षा के पेपर से काफी हद तक मेल खाता था और यह 600 अंकों का बताया गया है. पेपर लीक विवाद के बाद नीट परीक्षा रद्द करने का निर्णय भी लिया गया है. फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं.
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार में चार बार नीट का पेपर लीक हो चुका है, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









