Middle East Tension : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सैन्य गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका पहली बार ईरान के खिलाफ हाइपरसोनिक मिसाइलों के इस्तेमाल पर विचार कर सकता है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को संभावित सैन्य कार्रवाई के कई विकल्पों की जानकारी दी है।
शक्तिशाली हमले की रणनीति पर चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में हुई बैठक में ईरान पर सीमित लेकिन बेहद शक्तिशाली हमले की रणनीति पर चर्चा हुई। इस योजना के तहत ईरान की सैन्य क्षमता, प्रमुख नेतृत्व और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाए जाने की संभावना जताई गई है।
भारी हथियारों और आधुनिक मिसाइलों से लैस
बताया जा रहा है कि अमेरिका ‘डार्क ईगल’ जैसी एडवांस हाइपरसोनिक मिसाइलों के इस्तेमाल पर भी विचार कर रहा है। यह मिसाइल लगभग 3,200 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम मानी जाती है और दुश्मन के बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम को निशाना बना सकती है। इसके साथ ही इलाके में B-1B लांसर बॉम्बर विमानों की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है, जो भारी हथियारों और आधुनिक मिसाइलों को ले जाने में सक्षम हैं।
सख्ती से दिया जाएगा हमले का जवाब
इस बीच राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए संकेत दिया कि हालात और गंभीर हो सकते हैं। वहीं ईरान की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने कहा कि किसी भी हमले का जवाब सख्ती से दिया जाएगा और फारस की खाड़ी में विरोधियों के लिए जगह नहीं बचेगी।
कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ीं
तनाव का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखाई दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ीं और एक समय 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं, हालांकि बाद में इसमें कुछ गिरावट दर्ज की गई।
मुजतबा खामेनेई नहीं आए नज़र
उधर, मुजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर भी अटकलें जारी हैं, क्योंकि वे लंबे समय से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। वहीं अमेरिका का विशाल एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड रिकॉर्ड लंबी तैनाती के बाद अब अमेरिका लौट रहा है।
ये भी पढ़ें- Madhya Pradesh : जबलपुर के बरगी डैम में दर्दनाक हादसा, क्रूज डूबा, 9 की मौत, 28 लोगों को सुरक्षित बचाया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









