राजनीति

शिवसेना UBT में बढ़ी हलचल, 6 बागी सांसद आज दिल्ली में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

Shiv Sena UBT : महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (UBT) के भीतर जारी हलचल थमती नजर नहीं आ रही है. पार्टी के कुछ सांसदों के अलग रुख अपनाने की चर्चाओं के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. बताया जा रहा है कि उद्धव ठाकरे ने 27, 28 और 29 जून को संबंधित क्षेत्रों का दौरा करने की योजना बनाई है, ताकि मौजूदा स्थिति पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद किया जा सके.

इसी बीच जानकारी सामने आई है कि यूबीटी के छह सांसद सोमवार को दिल्ली पहुंच सकते हैं. उनके द्वारा संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की भी चर्चा है. राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस दौरान वे अपने अगले कदम को लेकर कोई महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं.

बागी सांसद कर सकते हैं औपचारिक ऐलान

सूत्रों के अनुसार, इन सांसदों की ओर से पार्टी से अलग होने को लेकर औपचारिक रुख स्पष्ट किया जा सकता है. हालांकि, अब तक उनकी तरफ से किसी आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया है कि उनके सांसदों को प्रभावित करने की कोशिश की गई है.

यह भी चर्चा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपे गए पत्र से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक कर सकते हैं. साथ ही वे अपने रुख और फैसले के पीछे की वजहों को भी सामने रख सकते हैं.

फडणवीस बोले ऑपरेशन टाइगर सफल रहा

हालांकि, बागी सांसदों ने अभी तक सार्वजनिक रूप से किसी अलग गुट के गठन या पार्टी छोड़ने की घोषणा नहीं की है. इसके बावजूद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ सफल रहा है. इस संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने संगठन की स्थिति को मजबूत बताते हुए कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और जिन लोगों को आत्ममंथन की आवश्यकता है, उन्हें ऐसा करना चाहिए.

शिंदे बोले जल्द मिलेगी बड़ी खबर

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे कोई भी अभियान अधूरा नहीं छोड़ते, उन्होंने कहा कि जब भी कोई कदम उठाया जाता है तो उसे पूरा किया जाता है. शिंदे ने यह भी कहा था कि जल्द ही एक बड़ी खबर सामने आएगी. इसके बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई कि उनका इशारा सांसदों की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस की ओर हो सकता है.

ये भी पढ़ें- यमुनानगर में 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button