Uttar Pradeshराज्य

सपा में टूट का राजभर का फिर दावा, सनातन पांडे बोले- चौकीदार बन जाऊंगा, पार्टी नहीं छोड़ूंगा

UP News : उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने लगातार तीसरे दिन समाजवादी पार्टी में टूट की संभावना जताई है. शुक्रवार को उन्होंने दावा किया कि सपा में बगावत तय है और इसका नेतृत्व बलिया का एक ब्राह्मण नेता करेगा.

राजभर ने अपने सोशल मिडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “सपा में बागियों का नेतृत्व ‘बागी बलिया’ की धरती ही करेगी, क्योंकि ब्राह्मण सब कुछ भूल सकता है, लेकिन अपमान नहीं.”

मामले पर नहीं आया कोई बयान

इस बीच, मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा का नाम भी चर्चा में है. रुचि वीरा को आजम खान का करीबी माना जाता है और वह लोकसभा चुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुंची हैं. हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले पर उनका कोई बयान सामने नहीं आया था.

वहीं, राजभर ने सपा महासचिव रामगोपाल यादव पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव ने उनके और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, उसे पूरे बहुजन समाज ने देखा और सुना है. राजभर का आरोप है कि रामगोपाल यादव हमेशा से उन्हें और केशव प्रसाद मौर्य को यादव समाज से नीचे समझते रहे हैं, उन्होंने यह भी कहा कि उनके घर में उनके लिए अलग बर्तन रखे जाते हैं.

सनातन पांडे का जिक्र कर राजभर का बड़ा दावा

सपा में संभावित टूट के अपने दावे को आगे बढ़ाते हुए राजभर ने बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे के एक इंटरव्यू का भी जिक्र किया, राजभर ने कहा कि सनातन पांडे ने खुद को सनातन परंपरा से जुड़ा बताया है. ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि सपा में बदलाव की स्थिति बनने पर पार्टी का नेतृत्व किसी अन्य हाथ में जा सकता है.

राजभर के दावों को सनातन पांडे ने किया खारिज

हालांकि, बलिया के सपा सांसद सनातन पांडे ने राजभर के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, सनातन पांड़े ने कहा कि समाजवादी विचारधारा और पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अटूट है. उनका कहना है कि वह जीवनभर समाजवादी पार्टी के साथ रहेंगे, चाहे उन्हें कोई पद मिले या नहीं.

सनातन पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी के भविष्य की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है, उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह पार्टी कार्यालय में एक साधारण चौकीदार के रूप में भी काम करने को तैयार हैं, लेकिन पार्टी नहीं छोड़ेंगे.

ये भी पढ़ें- Cocktail 2 को मिला A सर्टिफिकेट, शाहिद, कृति और रश्मिका की फिल्म 19 जून को होगी रिलीज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button