Weather Update : देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. इससे आम जनजीवन प्रभावित होने के साथ किसानों की फसलों को नुकसान का खतरा भी बना हुआ है.
IMD की चेतावनी में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं.
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत के संकेत
दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 23 से 26 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 23 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 24 और 25 जून को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है, जबकि 26 जून से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने सतर्क रहने को कहा है. मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हमीरपुर, कुशीनगर, बस्ती, कानपुर, झांसी, अयोध्या, रामपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी में हल्की बारिश के साथ आंधी की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी लखनऊ में 23 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में तेज बारिश और हवाओं का खतरा
बिहार में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर और अररिया में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इन इलाकों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पटना में तापमान 38 डिग्री तक रहने का अनुमान है.
हिमाचल में येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है. शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. चंबा में कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है.
राजस्थान में 70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
राजस्थान के कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. चुरू, भीलवाड़ा, जयपुर, टोंक, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, बारां, करौली, अलवर और कोटा में अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव, 7 की मौत, 65 घायल, NDRF टीम मौके पर जुटी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







