मौसमराष्ट्रीय

मानसून फिर पकड़ेगा रफ्तार, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जुलाई के पहले हफ्ते तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून

Weather Monsoon 2026 : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की स्थिति 23 जून के आसपास बन सकती है. मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में भी मानसून के पहुंचने की संभावना है. वहीं पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में इस सप्ताह भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. 21 जून को बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मानसून के जुलाई के पहले सप्ताह तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है. बताया गया है कि 8 जून से दक्षिण महाराष्ट्र में रुका मानसून अब आगे बढ़ सकता है.

तटीय महाराष्ट्र और मध्य महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 25 जून तक गर्मी का असर बना रह सकता है. बिहार और तेलंगाना में भी 21 जून तक हीट वेव जैसी स्थिति रहने की संभावना है. मध्य भारत और पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

पिछले 24 घंटे में असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और झारखंड में भी भारी बारिश हुई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और विदर्भ में गर्मी का असर देखने को मिला है.

मौसम सिस्टम सक्रिय, इन इलाकों में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान से सटे जम्मू क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. इसके अलावा लक्षद्वीप क्षेत्र और उत्तरी केरल के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है.

उत्तर-पश्चिम भारत में 22 जून तक मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. तेलंगाना में 21 जून तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है. महाराष्ट्र में भी 21 जून के बाद तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है.

बारिश को लेकर कई राज्यों में अलर्ट

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है. असम और मेघालय में भी भारी बारिश का अलर्ट है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा तमिलनाडु और केरल में भी भारी बारिश हो सकती है.

24 जून को तेलंगाना और तटीय महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है. आने वाले दिनों में बारिश का असर सिक्किम, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में ज्यादा देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें- PoK Protest : PoK में आर्मी ड्रग माफिया का गिरोह, ISI की कश्मीरियों को तबाह करने की साजिश, कश्मीरी नेता ने किया बड़ा खुलासा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button