Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी निवासी भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर मामले को लेकर उनके परिवार के सदस्य और करीबी लोगों ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की. यह बैठक पटना के बिहटा स्थित बिहार नव-निर्माण आश्रम में हुई.
परिजनों ने कहा कि मामले में न्याय की आवाज को मजबूती देने के लिए उन्होंने प्रशांत किशोर से संपर्क किया है, उन्होंने भरत तिवारी के मामले में न्याय दिलाने की मांग करते हुए 24 जून को होने वाली पंचायत में शामिल होने का आग्रह भी किया. इस पर प्रशांत किशोर ने परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया.
प्रदर्शन में न्याय की मांग उठाई
इससे पहले 21 जून 2026 को भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पटना के कारगिल चौक पर कैंडल मार्च निकाला था. प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में न्याय की मांग उठाई गई.
निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग
मनोज भारती ने कहा कि एनकाउंटर में एक सामाजिक कार्यकर्ता की मौत बेहद दुखद घटना है, उन्होंने कहा कि भरत तिवारी लंबे समय से जनता से जुड़े मुद्दों को उठा रहे थे. ऐसे व्यक्ति की इस तरह मौत होना चिंता का विषय है.
उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जल्द न्यायिक जांच कराई जाए. साथ ही जांच पूरी होने तक कार्रवाई में शामिल अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की. इसके अलावा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी रखी.
ये भी पढ़ें- विद्यार्थियों को बेहतर विश्वविद्यालयों, मजबूत बुनियादी ढांचे और शिक्षा में बड़े निवेश की आवश्यकता- सीएम मान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








