IND vs AFG : भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल और मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका रहेगा। दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में अपने 3000 वनडे रन पूरे कर सकते हैं और इसके साथ ही सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।
दोनों के पास रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
इस समय भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 72 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। शुभमन गिल ने अब तक 61 पारियों में 2953 रन बनाए हैं, जबकि श्रेयस अय्यर 70 पारियों में 2977 रन जोड़ चुके हैं। गिल को 3000 रन तक पहुंचने के लिए 47 रन और अय्यर को 23 रन की जरूरत है। ऐसे में दोनों के पास धवन का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका रहेगा।
आईपीएल में किया बेहतरीन प्रदर्शन
शुभमन गिल इस समय बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं। हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में उन्होंने शानदार शतक भी लगाया था और अब वह इस लय को वनडे सीरीज में जारी रखना चाहेंगे। दूसरी ओर श्रेयस अय्यर भी लंबे अंतराल के बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं। आईपीएल में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स के लिए लगभग 500 रन बनाए थे और वह भी इस सीरीज में बड़ी पारी खेलकर टीम में अपनी भूमिका मजबूत करना चाहेंगे।
हार्दिक पांड्या नहीं खेल पाएंगे
सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया को दो बड़े झटके भी लगे हैं। विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं, जिनकी जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है। वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी चोट की वजह से इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। हार्दिक को लंबे समय बाद वनडे टीम में जगह मिली थी, लेकिन सीरीज से ठीक पहले वह चोटिल हो गए, जिससे टीम को बड़ा नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें- असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, लैंडिंग के दौरान हुआ बड़ा हादसा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









