Other States

तेलंगाना में बस की टक्कर से कार सवार 4 लोगों की मौत, एक घायल

Telangana Bus Accident : तेलंगाना के नलगोंडा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं. हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर एक प्राइवेट बस ने कार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.

जानकारी के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे. सभी चेन्नई से हैदराबाद जा रहे थे. हादसे में चालक की पत्नी, उसके दो बच्चों और एक दोस्त की जान चली गई. एक ही पल में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

सुबह 5 बजे हाईवे पर हादसा

बताया जा रहा है कि यह हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे नलगोंडा जिले के चिट्याल इलाके के पास हुआ. विशाखापत्तनम से हैदराबाद जा रही प्राइवेट बस ने कार को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायल चालक को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस

राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. हालांकि टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस का कहना है कि बस के किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है.

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button