Other States

मुंबई में बारिश का कहर: 3 दिन में 5 लोगों की मौत, खुले मैनहोल पर उठे सवाल

Mumbai Rain : मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश अब सिर्फ परेशानी नहीं, बल्कि जानलेवा साबित हो रही है. पिछले तीन दिनों में खुले मैनहोल, करंट और पेड़ गिरने जैसे हादसों में 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पेड़ गिरने की घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं. सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ बारिश का कहर है या सिस्टम की लापरवाही.

पिछले कई दिनों से जारी बारिश ने मुंबई को ठप कर दिया है. शहर की सड़कें पानी में डूब गई हैं, ट्रैफिक रुक गया है और आम लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है. सबसे दुखद बात यह है कि इस बारिश में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. खुले मैनहोल और बिजली के लटके तारों ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और सरकार की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

3 दिन में 5 लोगों की मौत

पिछले तीन दिनों में मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की जान चली गई. 30 जून को पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि 1 जुलाई को नवी मुंबई और डोंबिवली में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान गई. 2 जुलाई को मुंब्रा और मुंबई में भी दो लोगों की मौत हुई.

सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई में खुले मैनहोल में गिरने से 55 साल के व्यक्ति की मौत की हो रही है. अंधेरी के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड पर यह हादसा हुआ, जहां घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका.

चार अधिकारियों को किया गया सस्पेंड

हादसे के बाद मृतक के परिवार ने नाराजगी जताई और सवाल उठाए. मौके पर पहुंचीं बीएमसी की मेयर ने घटना को गंभीर लापरवाही माना और मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की. साथ ही संबंधित वार्ड ऑफिसर समेत चार अधिकारियों को सस्पेंड किया गया और कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई.

विधानसभा में भी उठा मामला

इस घटना की गूंज महाराष्ट्र विधानसभा तक पहुंची, जहां विपक्ष ने सरकार और बीएमसी की कार्यशैली पर सवाल उठाए. विधानसभा स्पीकर ने मामले को गंभीर बताते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई पर विचार की बात कही.

वहीं, सत्तापक्ष की ओर से सदन में लापरवाह कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ FIR दर्ज करने और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया. इस मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिला.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button