Other States

केतन-सिया और सोनम-राजा के बाद अब ‘गीता-शक्ति’ कांड, पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

Odisha Crime : देशभर में हाल के दिनों में पति-पत्नी और कथित तीसरे व्यक्ति से जुड़े हत्या के मामलों के बीच ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले से भी एक ऐसा मामला सामने आया है. यहां एक महिला और उसके पुरुष मित्र को महिला के पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का आरोप है कि वारदात के बाद दोनों ने शव को खेत में फेंककर घटना को छिपाने की कोशिश की.

यह मामला झारसुगुड़ा जिले के रेंगाली थाना क्षेत्र के टुंगुरीपाड़ा गांव का है. मृतक की पहचान शक्तिधर साहू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात किसी बात को लेकर शक्तिधर साहू और उनकी पत्नी गीता मिर्धा के बीच विवाद हो गया. उस समय गीता का पुरुष मित्र टिकिनू किसान भी मौके पर मौजूद था.

बताया गया कि विवाद बढ़ने पर टिकिनू किसान और शक्तिधर साहू के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इसी दौरान शक्तिधर जमीन पर गिर पड़े. आरोप है कि इसके बाद गीता मिर्धा ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने से शक्तिधर साहू की मौके पर ही मौत हो गई.

शव को खेत में फेंकने का आरोप

पुलिस जांच के मुताबिक, घटना के बाद गीता मिर्धा और टिकिनू किसान ने मिलकर शव को घटनास्थल से हटाया और गांव के एक खेत में फेंक दिया. आरोप है कि ऐसा घटना को छिपाने के उद्देश्य से किया गया. बाद में स्थानीय लोगों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया और जांच शुरू की गई.

जांच में सामने आई दोनों की भूमिका

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर गीता मिर्धा और टिकिनू किसान की कथित संलिप्तता सामने आई. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया.

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button