Maharashtra TET Paper Leak : महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है, जहां परीक्षा से लगभग 24 घंटे पहले पेपर लीक होने की जानकारी मिली। यह परीक्षा रविवार को आयोजित होनी थी, लेकिन लीक की सूचना के बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने इसे स्थगित करने का फैसला किया है। परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
छापेमारी के दौरान कई गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार, पेपर लीक की सूचना मिलते ही ठाणे के भिवंडी क्षेत्र सहित कई जगहों पर छापेमारी की गई। इस दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है, हालांकि उनकी संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच के बाद बरामद दस्तावेजों की भी पुष्टि की जा रही है।
सुरक्षा के लिए किए गए थे कड़े इंतजाम
इस परीक्षा में बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल होने वाले थे। करीब 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने इसके लिए आवेदन किया था। राज्य में 1,729 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। हर केंद्र पर निगरानी के लिए AI आधारित CCTV कैमरे लगाए गए थे, जिनकी संख्या करीब 18,000 बताई गई है। इसके अलावा राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम से निगरानी की योजना थी।
परीक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां
परीक्षा में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन सिस्टम, मेटल डिटेक्टर जांच, और मोबाइल-स्मार्टवॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह रोक लगाई गई थी। प्रवेश के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान पत्र अनिवार्य थे।
कई बड़े परीक्षा पेपर लीक के मामले
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में देश में कई बड़े परीक्षा पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें राजस्थान रीट, यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा और नीट-यूजी जैसे प्रमुख एग्जाम शामिल हैं।
लाखों शिक्षकों पर पड़ सकता है असर
इसी बीच सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आदेश दिया है कि स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य होगा। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस योग्यता को पूरा करने की अंतिम समय सीमा 31 अगस्त 2028 तक बढ़ाई गई है, जिसके बाद कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। इस फैसले का असर देश के लाखों शिक्षकों पर पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने सरकारी कार्यालयों का समय फिर से सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया, 1 जुलाई से लागू होंगे नए आदेश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









